कम समय में तैयार की हमने वैक्सीन,पूरी दुनिया मान रही लोहाः PM मोदी
नई दिल्ली
दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान का आगाज हो गया। वैक्सीनेशन प्रोग्राम की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश को इस पल का बेसब्री से इंतजार था। कोरोना की वैक्सीन बहुत ही कम समय में आ गई है। उन्होंने कहा कि कितने महीनों से देश के हर घर में बच्चे, बूढ़े, जवान सबकी जुबान पर ये ही सवाल था कि कोरोना की वैक्सीन कब आएगी। उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू हो रहा है। पीएम मोदी ने इसके लिए देशवासियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की पक्तियां 'मानव जब जोर लगाता है, पत्थर पानी बन जाता है' का भी जिक्र किया। पीएम मोदी के संबोधन को सभी वैक्सीनेशन सेंटर्स से कनेक्ट किया गया। केंद्र सरकार के मुताबिक, पहले दिन कुल 3006 वैक्सीनेशन सेंटर्स पर तीन लाख से ज्यादा हेल्थ वर्कर्स को पहली डोज दी जानी है। पीएम मोदी कोरोना काल के उन मुश्किल दिनों को याद कर सुबक पड़े।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जैसा धैर्य आपने कोरोना काल में दिखाया था, वैसा ही धैर्य आप वैक्सीनेशन के समय भी दिखाएं. पीएम ने कहा कि वैक्सीनेशन के बाद भी शारीरिक दूरी और मास्क जरूरी होगा.
महामारी से जिस तरह निपटे, पूरी दुनिया मान रही लोहा
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने इस महामारी से जिस प्रकार से मुकाबला किया उसका लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है। केंद्र और राज्य सरकारें, स्थानीय निकाय, हर सरकारी संस्थान, सामाजिक संस्थाएं, कैसे एकजुट होकर बेहतर काम कर सकते हैं, ये उदाहरण भी भारत ने दुनिया के सामने रखा। पीएम मोदी ने कहा कि एक देश में जब भारतीयों को टेस्ट करने के लिए मशीनें कम पड़ रहीं थीं तो भारत ने पूरी लैब भेज दी थी ताकि वहां से भारत आ रहे लोगों को टेस्टिंग की दिक्कत ना हो।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इतिहास में इतने बड़े स्तर का टीकाकरण अभियान पहले कभी नहीं चलाया गया है. दुनिया के 100 से भी ज्यादा ऐसे देश हैं जिनकी जनसंख्या 3 करोड़ से कम है. और भारत वैक्सीनेशन के अपने पहले चरण में ही 3 करोड़ लोगों का वैक्सीनेशन कर रहा है.

पाठको की राय